ग्वालियर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह विजय दीक्षित ने ग्वालियर व्यापार मेला में संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चित्र-दृश्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लाल टिपारा गौशाला के संत ऋषभदेवानंद महाराज थे। अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी ने की।
दीक्षित ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शुरुआती दौर में संघ का उपहास, उपेक्षा और विरोध किया गया, लेकिन समाज और देशहित में सतत कार्य करने से आज गांवों तक लोग संघ के बारे में जानते हैं। महात्मा गांधी भी संघ को जानने के लिए वर्धा में आयोजित संघ कार्यक्रम में गए थे। इसी भावना से रतन टाटा संघ शाखा गए थे। दोनों महापुरुषों ने संघ के ध्येय और कार्य को सराहा था। आज अन्य लोग भी संघ के बारे में जानना चाहते हैं।
