गडकरी ने सड़क दुर्घटना में घायल को मदद पहुंचाने के लिए की शिवराज की सराहना

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल-ग्वालियर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी मदद करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सराहना की है।

श्री गडकरी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में शनिवार को श्री चौहान की उस पोस्ट को संलग्न करते हुए उनकी सराहना की है कि उन्होंने भोपाल से ग्वालियर जाते हुए मार्ग में दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की बात की है। श्री गडकरी ने लिखा, “श्री शिवराज जी की संवेदनशीलता सराहनीय है। हम सभी को सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा आपातकालीन स्थिति में मदद को आगे आना चाहिए। सड़क दुर्घटना में मदद के लिए आगे आने वालों को सरकार ‘राहवीर’ पद से सम्मानित करेगी, जिसमें सर्टिफिकेट और इनाम राशी का समावेश है।”

श्री चौहान ने इससे पहले अपनी पोस्ट में कहा था “मैं भोपाल से ग्वालियर की ओर एक कार्यक्रम में जा रहा था। रास्ते में सड़क किनारे एक घायल युवक अचेत अवस्था में दिखा। चारों ओर भीड़ थी, लोग खड़े थे, देख रहे थे, पर कोई आगे नहीं बढ़ रहा था। मैंने तुरंत गाड़ी रुकवाई। घायल युवक को अपनी गाड़ी में तत्काल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही डॉक्टर से बात कर समुचित उपचार की व्यवस्था की। हम अक्सर देखते हैं कि इस तरह की घटनाओं में मदद के लिए हाथ बढ़ाने की बजाय हम तमाशबीन बनकर देखते रहते हैं, जिससे कीमती समय व्यर्थ हो जाता है और घायल व्यक्ति का जीवन खतरे में पड़ जाता है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि एक अध्ययन के अनुसार हर वर्ष लगभग डेढ़ लाख से अधिक लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि यदि घायल को ‘गोल्डन ऑवर’में उपचार मिल जाए, तो लगभग 50 प्रतिशत जीवन बचाए जा सकते हैं। मतलब हमारी एक मदद कितनी माताओं की गोद सूनी होने से बचा सकता है, कितने बच्चों के सिर से पिता का साया हटने से रोक सकता है और कितनी बहनों के विश्वास को टूटने से बचा सकता है।

श्री चौहान ने कहा कि किसी का जीवन बचाना सबसे बड़ा पुण्य है। सेवा ही सच्चा धर्म है और परोपकार ही हमारा कर्तव्य है। जब भी ऐसी स्थिति सामने आए तो आगे बढ़िए और मदद कीजिए। आपकी एक मदद किसी का जीवन बचा सकती है।

 

Next Post

सैनिकों की समस्या पर राहुल ने लिखा सीतारमण को पत्र

Sat Feb 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के लिए पर्याप्त निधि उपलब्ध कराने और दिव्यांगता पेंशन पर आयकर व्यवस्था वापस लेने की मांग की है। श्री गांधी […]

You May Like

मनोरंजन