सैनिकों की समस्या पर राहुल ने लिखा सीतारमण को पत्र

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के लिए पर्याप्त निधि उपलब्ध कराने और दिव्यांगता पेंशन पर आयकर व्यवस्था वापस लेने की मांग की है।

श्री गांधी ने इस संबंध में वित्त मंत्री को बुधवार को पत्र लिखा है जिसमें उनसे आग्रह किया है कि सशस्त्र बलों के कर्मियों को प्रभावित करने वाली अंशदायी पेंशन योजना में निधि की कमी दूर कर वह दिव्यांगता पेंशन पर कर हटाने के ज़रूरी आदेश दें।

उन्होंने लिखा, “पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के लिए पर्याप्त वित्तीय आवंटन और दिव्यांगता पेंशन पर हाल ही में लगाए गए आयकर को वापस लिया जाय। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना पूर्व सैनिकों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करती है लेकिन वर्तमान में यह योजना गंभीर वित्तीय संकट में है। योजना के तहत 12,000 करोड़ रुपये से अधिक के चिकित्सा बिल लटके हुए हैं। इसमें बजट आवंटन आवश्यकता से लगभग 30 प्रतिशत कम है। भुगतान न होने के कारण कई अस्पताल योजना से बाहर हो रहे हैं। पूर्व सैनिक जेब से खर्च करने को मजबूर हो रहे हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार में देरी हो रही है। देश की सेवा करने वाले आज ज़रूरत की घड़ी में उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।”

श्री गांधी ने यह भी कहा कि वित्त विधेयक 2026 में यह प्रस्ताव है कि सैनिक की दिव्यांगता पेंशन पर कर लगाया जाएगा। वर्ष 1922 के बाद यह पहला मौका है जब दिव्यांगता पेंशन कर के दायरे में लाई जा रही है। उनका कहना था कि इस पेंशन का मकसद घायल सैनिकों को राहत प्रदान करना है, इसे आय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। साथ ही, जब कोई दिव्यांग सैनिक स्वेच्छा से या अनुरोध पर सेवा जारी रखता है, तो वह चोटिल होने के बावजूद निःस्वार्थ भाव से देश की सेवा करता है और इसकी सराहना की जानी चाहिए। इन सैनिकों की पेंशन पर कर लगाना अपमानजनक है।

 

Next Post

योगी सरकार की बड़ी पहल: प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगा आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज

Sat Feb 28 , 2026
लखनऊ, 28 फरवरी ( वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि उत्तर प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को उपचार की सुविधा […]

You May Like

मनोरंजन