
सीधी, जिला अस्पताल सीधी के आपरेशन थिएटर में तोड़-फोड़ होने से लाखों की सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। आपरेशन थिएटर में देर रात हुई तोड़-फोड़ और चोरी की पुलिस को सूचना दी गई।
जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में देर रात अज्ञात लोगों द्वारा लाखों रुपए की सामग्री में तोडफ़ोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। वहीं अस्पताल से कुछ सामग्री चोरी होने की भी जानकारी सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात लोग जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में पहुंचे और वहां रखी सामग्री में जमकर तोडफ़ोड़ की। इस घटना में अस्पताल को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं कुछ सामग्री गायब होने की बात भी सामने आई है। हालांकि चोरी हुई सामग्री की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अस्पताल में तैनात गार्ड द्वारा घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ.दीपा रानी इसरानी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के समीप गार्ड की डयूटी रहती है। ऑपरेशन थिएटर में देर रात तोडफ़ोड़ होने की आवाज गार्ड को सुनाई नहीं दी। ऐसे में यह सवाल उठ रहे हैं कि गार्ड रात में वहां मौजूद था या अस्पताल के मुख्य गेट के पास था।
अस्पताल परिसर के बंद मिले सीसीटीव्ही कैमरे
जानकारी के अनुसार अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे पहले से ही बंद थे। ऐसे में रात के अंधेरे में ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचकर तोडफ़ोड़ करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। बताया गया कि सीसीटीव्ही का डीवीडी ऑफ था। सीसीटीव्ही के डीवीडी को सिविल सर्जन के चैम्बर में होना चाहिए या फिर बंद रूम में सुरक्षित होना चाहिए, जहां अनावश्यक लोगों की पहुंच संभव न रहे।
इनका कहना है
अस्पताल के कैमरे पहले चालू थे, लेकिन कैमरे बंद कैसे हुए इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि अस्पताल में कितनी सामग्री क्षतिग्रस्त हुई, क्या-क्या सामान चोरी हुआ और वारदात को अंजाम देने वाले कौन लोग हैं।
डॉ.दीपा रानी इसरानी, सिविल सर्जन जिला अस्पताल सीधी
सिविल सर्जन द्वारा लिखित रिपोर्ट की गई है। जिसके बाद पुलिस द्वारा मौका मुआयना किया गया। जांच के दौरान वहां के सभी सीसीटीव्ही कैमरे बंद पाये गये। जो वहां गार्ड मौजूद पूंछतांछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।
दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी कोतवाली सीधी
