जबलपुर: माँ नर्मदा की गोद मे बसे संगमरमरी सौंदर्य के लिए मशहूर पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में नर्मदा महोत्सव का आयोजन 5 और 6 अक्टूबर को होगा। नर्मदा महोत्सव का यह लगातार 22 वें वर्ष आयोजन होगा। पूर्व के वर्षों की तरह नर्मदा महोत्सव का इस बार का आयोजन भी धुआंधार जलप्रपात के समीप मुक्ताकाशी मंच पर होगा। जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा जिला प्रशासन, जिला पंचायत, नगर निगम जबलपुर, नगर परिषद भेड़ाघाट एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से खास शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किये जा रहे इस दो दिवसीय आयोजन में भजनों की सरिता बहेगी।
नर्मदा महोत्सव के पहले दिन 5 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण “हर हर शंभु” फेम पूरी की सुश्री अभिलिप्सा पांडा के भजन होंगे। वहीं, दूसरे दिन 6 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या में मधुबनी की सुश्री मैथिली ठाकुर और पँजाब के लखवीर सिंह लक्खा अपनी सुरीली और खनकती आवाज में भजनों का गायन कर भक्ति रस की सरिता बहायेंगे। नर्मदा महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन स्थल पर व्यंजन मेला का आयोजन किया जायेगा तथा हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी लगाई जायेगी।
प्रवेश निःशुल्क रहेगा निःशुल्क
शरद पूर्णिमा पर भेडाघाट में धुआंधार जलप्रपात के समीप बने मुक्ताकाशी मंच पर दोनों दिन शाम 7 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आमजनों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
