
जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत बब्बा ढाबा के पास देर रात स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक बिजली कर्मचारी पर हमला कर मोबाइल, नकदी सहित चांदी की अंगूठी छीनकर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, ग्राम डूंडी निवासी चंद्रभान झारिया (32) मध्य प्रदेश विद्युत मंडल शारदा नगर रिछाई में प्राइवेट काम करते हैं। बीती रात वे अपनी ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बब्बा ढाबा के आगे रेत स्टॉक के पास पहुंचे, पीछे से एक सफेद रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक आए।
बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल के आगे स्कूटी अड़ाकर उन्हें रोका और विवाद करते हुए बोले, कैसी गाड़ी चला रहा है, शराब पिया है क्या? पीड़ित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही तीनों बदमाशों ने चंद्रभान को घेर लिया। झपटमारी और विरोध के दौरान बदमाशों ने चंद्रभान के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे उनकी दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट आई। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ से ओप्पो कंपनी का मोबाइल, जेब में रखा पर्स जिसमें 4-5 हजार रुपये नगद थे और दाहिने हाथ की चांदी की अंगूठी जबरन निकाल ली। वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण पीड़ित गाड़ी का नंबर नहीं देख पाया।
