इंदौर: चन्द्रवतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पोटलोद में पारिवारिक बंटवारे के बाद उपजे विवाद ने अंतिम संस्कार के दौरान तूल पकड़ लिया. दादी की अर्थी को हाथ लगाने की बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय दिलीप निवासी ग्राम छडोदा अपने पिता के साथ दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने ग्राम पोटलोद पहुंचे थे.
आरोप है कि जैसे ही उन्होंने अर्थी को कंधा देने की कोशिश की, उसी बात को लेकर उनके काका प्रहलाद मालवीय और उनके पुत्र निलेश सहित पंकज व घनश्याम ने विवाद शुरू कर दिया. फरियादी का कहना है कि बंटवारे के बाद से पारिवारिक तनाव चल रहा था. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं.
