
सीहोर। जिले में रविवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे, सोलर पैनल और शेड धराशायी हो गए. सराय क्षेत्र में एक मकान पर लगा सोलर पैनल गिरने से एक बालकगंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं तेज बारिश से निचले इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया और बिजली आपूर्ति बाधित रही.
जिला मुख्यालय पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. लगभग दो घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश और 35 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने शहर में व्यापक नुकसान पहुंचाया. सराय क्षेत्र स्थित मोबाइल दुकान के पास लगा सोलर पैनल, शेड और बिजली का खंभा पिलर सहित उखड़कर नीचे गिर गया. इसकी चपेट में आने से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा.
स्थानीय निवासी रिजवान खान ने बताया कि तेज आंधी के दौरान वह अपनी दुकान के सामने खाना बना रहे थे. तभी अचानक शेड, सोलर पैनल और दीवारें भरभराकर गिर गईं. उनके पड़ोस में रहने वाले भूरा भाई बैंड बाजे वाले तथा रेहान भाई के मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे में पड़ोस में रहने वाले कलीम मैकेनिक का बेटा आदिल सोलर पैनल की चपेट में आ गया. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है.उधर तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई. इंग्लिशपुरा क्षेत्र में बिजली के तार टूटने से लंबे समय तक अंधेरा छाया रहा.
बारिश के कारण निचली सड़कों और गलियों में पानी भर गया. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर भी पानी जमा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ्रगर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत तो मिली, लेकिन बिजली गुल होने व जलभराव ने मुश्किलें बढ़ा दीं.
बारिश ने खोली तैयारियों की पोल, सड़कों पर भरा पानी
मानसून के नजदीक होने के बाद भी संबंधित निकाय द्वारा वर्षा पूर्व की आवश्यक तैयारियों को अंजाम देने में कोताही बरती गई. यही कारण है कि प्री मानसून की पहली तेज बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है. झमाझम बारिश के चलते गंदगी से सराबोर नालियां उफान पर आ गई थीं और गंदगी सड़कों पर बह रही थी. शहर के पाश गंगा आश्रम क्षेत्र की फोरलेन की एक सड़क पर एक फीट से अधिक गंदा पानी भरा हुआ था. जिससे दुपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. ऐसे ही हाल इंदौर नाका क्षेत्र के इछावर मोड़ पर देखने को मिले जहां निकासी के अभाव में गंदा पानी सड़क पर बहता रहा. मंडी व अन्य क्षेत्र की निचली बस्तियों में भी जलभराव के हालात बने रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
आगे भी जारी रहेगा बारिश का दौर
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है. इसके चलते आगामी कुछ दिनों तक जिले में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. मानसून के 15 से 20 जून के बीच जिले में पहुंचने की संभावना है. फिर बारिश का दौर शुरू होगा.
डॉ. एसएस तोमर,
मौसम वैज्ञानिक, आरएके
