भोपाल: दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भोपाल रेल मंडल ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों पर यात्रियों को उनके घरों तक पहुंचाने और स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनों से लेकर सुरक्षा और टिकट व्यवस्था तक कई इंतजाम कर रहा है।
रेलवे अधिकारी के मुताबिक, त्योहारों के दौरान मुंबई से उत्तर प्रदेश और बिहार सहित पूर्वी भारत के अलग-अलग शहरों के लिए करीब 10 स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है। ये ट्रेनें इटारसी और भोपाल रेल मंडल से होकर गुजरेंगी। यात्रियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के बैक ट्रिप की भी योजना बनाई गई है।
भोपाल रेल मंडल की ओर से रानी कमलापति स्टेशन से दानापुर और रीवा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। इसके अलावा पुणे, बेंगलुरु और दिल्ली के लिए भी ट्रेनों की योजना बनाई जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ स्पेशल ट्रेनों को भोपाल मंडल के स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।
भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
त्योहारों के दौरान भोपाल, इटारसी और बीना जैसे स्टेशनों पर यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे स्टेशनों से अतिरिक्त स्टाफ बुलाकर तैनात किया जाएगा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है।
टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर और मोबाइल सुविधा
यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (ATVM) पर यात्रियों की मदद के लिए फैसिलिटेटर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा मोबाइल UTS सुविधा के तहत हैंडहेल्ड टर्मिनल के जरिए यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है।
रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को बेहतर तरीके से संभालना, टिकट व्यवस्था को आसान बनाना और लोगों का सफर सुरक्षित व सुविधाजनक बनाना है।
