सिंधिया ने भारतीय कंपनियों से दुनिया के लिए दूरसंचार प्रौद्योगिकी बनाने की अपील की

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (वार्ता) संचार मंत्री ज्योतिरादित्य संधिया ने बुधवार को कहा कि भारत 6जी में दुनिया का नेतृत्व करेगा और भारतीय कंपनियों से दुनिया के लिए प्रौद्योगिकी विकास की अपील की।

श्री सिंधिया ने यहां इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) की थीम जारी करने के मौके पर कहा कि दुनिया में अब तक जितनी भी क्रांति हुई है उनमें दूरसंचार क्रांति अनोखी है। इसने ऐसा अदृश्य हाईवे तैयार किया है जो दुनिया के हर व्यक्ति को एक-दूसरे से जोड़ने की क्षमता रखता है। उन्होंने दोहराया कि भारत ने 4जी में दुनिया का अनुसरण किया, 5जी में दुनिया के साथ चला और अब 6जी में दुनिया को नेतृत्व करेगा।

संचार मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद उद्योग प्रतिनिधियों से सिर्फ भारत के लिए नहीं, दुनिया के लिए प्रौद्योगिकी विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “आईएमसी 2026 में हमें यह सुनिश्चित करना चाहिये कि प्रौद्योगिकी कैसे सीमाओं से परे भी पहुंचे।” साथ ही इस संस्करण में उद्योग की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा का सुझाव दिया।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 की थीम “स्केल विदाउट बाउंड्रीज” (सीमाओं से परे विस्तार) रखी गयी है।

श्री सिंधिया ने हर व्यक्ति तक प्रौद्योगिकी पहुंचाकर उनके लिए अवसर सृजन की वकालत की। उन्होंने कहा, “जब प्रौद्योगिकी हर नागरिक तक पहुंचती है, तो वह अवसरों का सृजन करती है। और जब अवसर हर नागरिक तक पहुंचते हैं, तो परिवर्तन अवश्यंभावी होता है। आज 1.33 अरब लोगों के हाथों में मोबाइल फोन हैं और डेटा की कीमत 287 रुपये प्रति जीबी से घटकर लगभग आठ रुपये प्रति जीबी रह गयी है। यही लोकतंत्रीकरण है। यही अंत्योदय है।”

उन्होंने कहा कि यह देखना होगा कि देश की नवाचार क्षमता, प्रौद्योगिकी और विचार सीमाओं को पार कर पूरी दुनिया तक कैसे पहुंचें। प्रौद्योगिकी तभी सबसे अधिक प्रभावी होती है, जब उसका लाभ हर एक नागरिक तक पहुंचता है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे श्री सिंधिया ने कहा कि यह संचार की पहुंच का कमाल है कि आज पूर्वोत्तर राज्यों के शिल्पी अपने उत्पाद विदेशों में निर्यात कर रहे हैं, वे सीधे बाजार से जुड़े चुके हैं।

 

 

Next Post

एक घंटे के बारिश से पानी-पानी हुआ बैढ़न

Wed Jul 29 , 2026
सिंगरौली । आज बुधवार की शाम के वक्त बैढ़न अंचल में एक घंटे की बारिश ने शहर व नगर को जलमग्न कर दिया। बस स्टैंड बैढ़न, विंध्यनगर मुख्य मार्ग, एसपी ऑफिस के सामने, कॉन्वेंट स्कूल मार्ग बिलौंजी, अयाज टाल के सामने समेत कई जगह सड़को के साथ कई घरों में […]

You May Like