भोपाल। राजधानी में कोलार जलापूर्ति व्यवस्था गुरुवार को भी पूरी तरह सामान्य होने की संभावना नहीं है. पाइपलाइन मेंटेनेंस का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन संरचना को मजबूती देने के लिए थ्रस्ट ब्लॉक का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. बुधवार शाम तक थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण का 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा कर लिया गया था.
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शेष कार्य पूरा करने में गुरुवार तक का समय लग सकता है. इसके बाद ओवरहेड टैंकों को भरने और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी. ऐसे में अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति शुक्रवार सुबह तक बहाल होने की संभावना है.
कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को महापौर मालती राय, एमआईसी सदस्य रविन्द्र यति और नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने मौके का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.
इन क्षेत्रों में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित
शटडाउन के कारण जोन-3 के नारियलखेड़ा और शाहजहांनाबाद, जोन-4 के डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी और हमीदिया रोड, जोन-5 के मोती मस्जिद, बुधवारा और इतवारा, तथा जोन-6 के 1100 क्वार्टर्स, शाहपुरा, त्रिलंगा, अरेरा कॉलोनी, तुलसी नगर, शिवाजी नगर, चार इमली, चूना भट्टी, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, एमपी नगर जोन-2 और गुलमोहर कॉलोनी सहित कई प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी.
