
सिंगरौली । आज बुधवार की शाम के वक्त बैढ़न अंचल में एक घंटे की बारिश ने शहर व नगर को जलमग्न कर दिया। बस स्टैंड बैढ़न, विंध्यनगर मुख्य मार्ग, एसपी ऑफिस के सामने, कॉन्वेंट स्कूल मार्ग बिलौंजी, अयाज टाल के सामने समेत कई जगह सड़को के साथ कई घरों में लबालब पानी भर गया। जहां आवागमन भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ।
दरअसल आज बुधवार की शाम के वक्त आसमान में घनघोर काले बादल मड़राने लगे और देखते ही देखते बैढ़न अंचल में बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक रूक-रूक कर हुई बारिश से शहर की कई सड़को में पानी-पानी नजर आने लगी। वहीं नालियां भी उफान पर आ गई। आलम यह रहा कि बिलौंजी कॉन्वेंट स्कूल की नालियां इस तरह उफान पर आई कि नालियों का पानी ओव्हरफ्लो होने से कॉन्वेंट स्कूल-देवरा मार्ग की सड़क पानी-पानी नजर आई। यही हाल कचनी मुख्य मार्ग का रहा है, सड़क में घुटने तक पानी जमा होने से दुकानदार से लेकर राहगीर परेशान हुये। वहीं बस स्टैंड भी पानी-पानी नजर आया।
सीवरेज ठेकेदार की लापरवाही, सड़क पर गिट्टियां
सीवरेज ठेकेदार की घोर लापरवाही सामने आई है। बताया जाता है कि बिलौंजी तिराहा कॉन्वेंट स्कूल मार्ग से लेकर देवरा तिराहा तक 40 एमएम की गिट्टियां सड़क पर फैली हुई है। जहां बाइक, स्कूटी एवं साइकिल चालको को फिसलने का डर सता रहा है। बताया जाता है कि सीवरेज ठेकेदार देवरा तिराहा के पास सड़क का मरम्मत करा रहा है और गिट्टियों का परिवहन करते समय मिक्सर से गिट्टियां गिर कर सड़क पर फैल रही हैं। यहां के कॉलोनी वासियों ने सीवरेज ठेकेदार को घोर लापरवाही बताया है।
बस स्टैंड में मुसाफिर हुये परेशान
आलम यह था कि बुधवार की शाम बारिश होने के बाद बस स्टैंड परिसर बैढ़न जल मग्र हो गया। जिससे मुसाफिरों के साथ-साथ बस चालक-परिचालक व खलासी भी परेशान हो गये। बस स्टैंड में जल भराव की समस्या आज से नही है, बल्कि दशको से है। इस समस्या का समाधान नगर निगम के अधिकारी आज तक नही निकाल पाए। फिलहाल बस स्टैंड में हो रहे जल भराव को लेकर यहां के व्यापारी से लेकर मुसाफिर भी नगर निगम के अधिकारियों को कोस रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगा रहे हैं कि कई बार इस समस्या के बारे में पार्षद के माध्यम से अवगत कराया गया। फिर भी समस्याएं घटने के बजाए बढ़ रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां के व्यापारियों के साथ-साथ बस चालको ने नगर निगम आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।
