सिंगरौली: नगर पालिका निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 41 स्थित गनियारी बस्ती में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नलों से कीड़ों युक्त गंदा पानी सप्लाई होने लगा। पानी में तैरते कीड़ों को देखकर मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर पार्षद को भेजा और तत्काल शुद्ध एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
मोहल्लेवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि क्या नगर निगम का इरादा जहरयुक्त, कीड़ा युक्त पानी पिलाने का है? उनका कहना है कि पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा में इस तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है। लोगों ने इंदौर जिले में पूर्व में दूषित पानी से जुड़ी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्या वहां की घटनाओं से भी नगर निगम ने कोई सबक नहीं लिया?
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब गंदा पानी सप्लाई हुआ हो। कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। स्वास्थ्य को लेकर परिवारों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इधर, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान द्वारा पूर्व में शहरवासियों को शुद्ध एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने का संकल्प जताया गया था। उन्होंने निगरानी के लिए अधिकारियों को भी तैनात करने की बात कही थी। बावजूद इसके गनियारी बस्ती में कीड़ा युक्त पानी मिला।
