
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत सोनवर्षा के चमारी सोनवर्षा में डॉड़ी के समीप एक ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। इस घटना में चालक की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार रात करीब 7 बजे हुई। बताया गया है कि खड़बड़ा निवासी चंद्रमणि पटेल पिता बंशबहादुर पटेल उम्र 40 वर्ष दिन भर काम करने के बाद ट्रैक्टर और धान दरने वाली मशीन लेकर अपने घर लौट रहे थे। डॉड़ी के समीप पहुंचते ही यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंधा मोड़ होने और तेज गति के कारण चालक ट्रेक्टर को मोड़ नहीं पाया। ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकराया और बेकाबू होकर पलट गया। मशीन के नीचे दबने से चंद्रमणि पटेल की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे खड़बड़ा निवासी पवन विश्वकर्मा ने स्थानीय लोगों की मदद से मशीन को उठाया और पुलिस को सूचना दी। अमिलिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे सुरक्षित रखवा दिया। आज शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है।
इनका कहना है-
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची । ग्रामीणों को शांत कराया गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चरी हाउस भेजा गया। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।
राकेश बैस, थाना प्रभारी अमिलिया
