एयर इंडिया को मिली पायलट की ड्यूटी संबंधी नियमों में अस्थायी राहत

नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के मद्देनजर एयर इंडिया को पायलट के ड्यूटी संबंधी नियमों में अस्थायी छूट प्रदान की है।

सूत्रों ने बताया कि नियामक ने दो पायलट वाले ऑपरेशन के लिए फ्लाइट के अधिकतम समय को 10 घंटे से बढ़ाकर 11.30 घंटे कर दिया है। फ्लाइट ड्यूटी अवधि की अधिकतम सीमा भी 13 घंटे से बढ़ाकर 14 घंटे 45 मिनट कर दी गयी है।

यह छूट इस बात को देखते हुए दी गयी है कि ईरान और इराक में हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के एयर इंडिया की यूरोप और अमेरिका जाने वाली उड़ानों को लंबा रास्ता लेना होता है। यह छूट 30 अप्रैल तक के लिए दी गयी है। छूट जिन उड़ानों के लिए मान्य होगी उनके बारे में जानकारी एयरलाइंस को अलग से दी जायेगी। एयरलाइंस को 30 मिनट के रोस्टर प्लानिंग बफर की जरूरत से भी राहत दी गयी है।

सूत्रों ने बताया कि जहां विमान सेवा कंपनी को यह छूट मिलेगी, उन मामलों में चालक दल के सदस्यों को न्यूनतम तय अवधि से चार घंटे अधिक आराम देना होगा।

 

Next Post

नेपाल : आनुपातिक प्रतिनिधित्व के लिए सांसद चुनने पर काम कर रही पार्टियां

Sun Mar 15 , 2026
काठमांडू, 15 मार्च (वार्ता) नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के आनुपातिक प्रतिनिधित्व श्रेणी की 110 सीटों का आवंटन होने के बाद विभिन्न राजनीतिक दल अपनी-अपनी सूची से सांसदों के नाम तय करने में जुट गए हैं। द काठमांडू पोस्ट की एक रिपोर्ट में कहा गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी […]

You May Like