सिंगरौली: जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक नशाखोर युवक ने रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखते हुए अपनी ही 80 वर्षीय बुजुर्ग ताई के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती देर रात करीब 12 बजे की है।
पीड़िता, जो अपने जीवन की संध्या में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रही थी, उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसका अपना ही भतीजा काल बनकर आएगा। पड़ोस में रहने वाला 22 वर्षीय आरोपी (पीड़िता के देवर का बेटा) शराब के नशे में धुत होकर बुजुर्ग महिला के घर पहुँचा। उसने बहाना बनाया कि वह रात में वहीं सोएगा। बुजुर्ग महिला ने अपने रिश्ते के नाते उस पर भरोसा कर लिया, लेकिन यही भरोसा उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
खटिया से बांधकर किया दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य
जब बुजुर्ग महिला गहरी नींद में थी, तब आरोपी ने अपना असली रूप दिखाया। हैवानियत पर उतारू युवक ने महिला के हाथ-पैर खटिया से बांध दिए ताकि वह विरोध न कर सके। इसके बाद उसने बुजुर्ग महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उसने वृद्धा के साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया। दर्द और डर से कराहती बुजुर्ग महिला की चीखें सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे, तब आरोपी पकड़े जाने के डर से वहाँ से फरार हो गया।
घटना के बाद गंभीर हालत और गहरे सदमे में डूबी पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए परिजनों के साथ चितरंगी थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को दबोच लिया। चितरंगी पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
