
सिंगरौली। अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न से 15 मई की रात अपने पिता के साथ सो रही दो वर्षीय मासूम बच्ची रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। बच्ची की तलाश में पांच थानों की पुलिस जुटी हुई है, लेकिन घटना के करीब 40 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगौर चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह अपनी दो वर्षीय बेटी मनीषा के साथ औड़ी मोड़ से घर जाने के लिए बैढ़न बस स्टैंड पहुंचे थे। उनके साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी औड़ी से ही आया था। रात में बस स्टैंड पर तीनों सो गए। आधी रात के बाद जब अर्जुन सिंह की नींद खुली तो उनकी बेटी और वह अज्ञात व्यक्ति दोनों गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बैढ़न पुलिस ने तलाश शुरू की। एसपी और एएसपी के निर्देश पर पांच थानों की पुलिस बच्ची की खोज में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से मिले कुछ संकेत
पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। हालांकि, संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पाए हैं। पुलिस अब आसपास की दुकानों में लगे कैमरों की मदद से बच्ची और संदिग्ध की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि बिलौंजी-कचनी क्षेत्र तक कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को सकुशल बरामद करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
