
सिंगरौली । सिंगरौली महोत्सव मनाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है। इस महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 मई को सिंगरौली आ सकते हैं, इसकी संभावनाएं प्रबल दिख रही है। विधायक रामनिवास शाह ने भोपाल में मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र देते हुये कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए अनुरोध किया है।
दरअसल सिंगरौली जिला गठन 24 मई 2008 को हुआ था। जहां तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सिंगरौली में आकर इसकी घोषणा किये थे, तब से लेकर कुछ वर्षो को छोड़ दे तो करीब-करीब हर वर्ष सिंगरौली महोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष सिंगरौली महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शिरकत करने की संभावनाएं प्रबल बताई जा रही है। विधायक ने सिंगरौली महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को न्योता देते हुये अनुरोध किया है। सूत्र बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री का सिंगरौली दौरा कार्यक्रम 23 मई को हो सकता है। 3 बजे बैढ़न में आमसभा को संबोधित कर महोत्सव के रात्रिकालीन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दूसरे दिन जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के विकास के बारे में चर्चा करेंगे। हालांकि यह अभी अधिकृत रूप से जानकारी नही है।
