बालाघाट की जैविक पहचान को मिला राष्ट्रीय सम्मान: सांसद


बालाघाट, सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने आज केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने बालाघाट की समृद्ध कृषि एवं जैविक परंपरा के प्रतीक जैविक कोदो (श्रीअन्न) तथा कटंगी का प्रसिद्ध जैविक गुड़ भेंट कर जिले की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने का सराहनीय प्रयास किया।

सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि बालाघाट की धरती प्राकृतिक संपदा, जैविक खेती और पारंपरिक कृषि उत्पादों से समृद्ध है। यहां का जैविक कोदो न केवल प्रदेश बल्कि देश के उत्कृष्ट श्रीअन्नों में गिना जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय श्रीअन्न वर्ष के रूप में वैश्विक पहचान मिलने के बाद कोदो जैसे मोटे अनाजों की मांग और महत्व लगातार बढ़ा है। बालाघाट के आदिवासी अंचलों में परंपरागत रूप से उगाया जाने वाला कोदो पोषण, स्वास्थ्य और किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

इसी प्रकार कटंगी का जैविक गुड़ अपनी शुद्धता, पारंपरिक निर्माण विधि और उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुका है। यह स्थानीय किसानों की मेहनत, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्त प्रतीक है। सांसद द्वारा इन उत्पादों को केंद्रीय मंत्री को भेंट करना बालाघाट के किसानों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रेलवे विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
शिष्टाचार भेंट के दौरान सांसद श्रीमती भारती पारधी ने केंद्रीय रेल मंत्री के साथ बालाघाट के रेलवे विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से गोंदिया–बालाघाट–जबलपुर रेलखंड के दोहरीकरण (Doubling) परियोजना के कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र के लाखों नागरिकों को बेहतर रेल सुविधा प्राप्त हो सके तथा औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिले।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने गोंदिया बालाघाट जबलपुर रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना की स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बालाघाट के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और इसके शीघ्र क्रियान्वयन से क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग पूरी होगी।

केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने भी रेलवे विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए परियोजना के महत्व को स्वीकार किया तथा कार्यों को गति देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय हैं सांसद भारती पारधी
सांसद श्रीमती भारती पारधी लगातार बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से क्षेत्र की आवाज़ उठा रही हैं। रेलवे, सड़क, कृषि, पर्यटन, शिक्षा तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने जैसे विषयों पर उनके निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उनकी सक्रियता के कारण बालाघाट को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएँ प्राप्त हुई हैं और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को लगातार केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा रहा है।
यह शिष्टाचार भेंट केवल औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बल्कि बालाघाट की सांस्कृतिक एवं कृषि विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा क्षेत्र के रेलवे विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक पहल साबित हुई। सांसद श्रीमती भारती पारधी के इस प्रयास से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि वे स्थानीय किसानों, क्षेत्रीय उत्पादों और बालाघाट के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही हैं।

Next Post

4 देशी कट्टा और 2 कारतूस के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

Wed Jul 29 , 2026
जबलपुर। सिहोरा पुलिस ने सिलौड़ी रोड पर घेराबंदी कर एक शातिर बदमाश को दबोचा है, जिसके कब्जे से 4 देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस जब्त हुए हैं। अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त का नेटवर्क ज्वालामुखी तक जुड़ा हुआ है। पुलिस अब मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है। थाना […]

You May Like