
ग्वालियर। बैकवर्ड क्लासेज इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा डॉ. अमित यादव को संगठन के मध्यप्रदेश चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
डॉ. अमित यादव स्वास्थ्य सेवा एवं प्रबंधन क्षेत्र से जुड़े एक प्रतिष्ठित एवं अनुभवी व्यक्तित्व हैं। वे स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी प्रशासनिक क्षमता, दूरदर्शी सोच एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के माध्यम से इस संस्था को राज्य स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड में अशासकीय सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके पश्चात एमएसएमई विभाग अंतर्गत उद्योग संचालनालय द्वारा प्रदेश के समस्त जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड/समितियों में बीआईसीसीआई प्रतिनिधि को सम्मिलित किया जाए।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठनात्मक विस्तार किया जाएगा तथा प्रत्येक जिले में नियुक्त किए जाने वाले जिला समन्वयकों को जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड में संगठन के प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया जाएगा। शासन के निर्देशों के अनुसार यह प्रतिनिधित्व संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा रहेगा, ताकि जिला स्तर पर एमएसएमई एवं पिछड़ा वर्ग उद्यमियों की समस्याएँ, सुझाव एवं आवश्यकताएँ सीधे प्रशासन एवं शासन तक पहुँच सकें।
