भैरुंदा। विधायक रमाकांत भार्गव ने भैरुंदा में रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल की बदहाली को लेकर सख्त तेवर अपनाए. स्थानीय शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए विधायक ने अधिकारियों को डेडलाइन थमाई और स्पष्ट किया कि अब मरीजों की सुविधाओं में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीडी के मरीजों को लंबी कतारों में खड़े नहीं रहना पड़े. इसके लिए पर्याप्त काउंटर तत्काल संचालित किए जाएं ताकि मरीजों को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, लिफ्ट और बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के भी निर्देश दिए. विधायक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दी गई करोड़ों की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को समुचित रूप से मिलना चाहिए.
विधायक भार्गव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह सभी कर्मचारियों और स्टाफ को संवेदनशील व्यवहार करने के लिए पाबंद करें. उन्होंने कहा कि संवेदनशील व्यवहार ही स्वास्थ्य सेवा का आधार है. क्योंकि यह मरीज के मानसिक स्वास्थ्य और रिकवरी पर गहरा सकारात्मक प्रभाव डालता है.
अस्पताल के बाहर मौजूद जीर्ण-शीर्ण शौचालय पर विधायक ने नगर परिषद को इसे तत्काल तोड़कर तीन माह के भीतर एक नया और आधुनिक शौचालय तैयार करने का कड़ा लक्ष्य दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों से शिकायत मिलती है तो वह कार्रवाई करने से नहीं हिचकेंगे. अस्पताल परिसर में चल रहे बिल्डिंग निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने कलेक्टर से चर्चा की और निर्माण की गुणवत्ता जांच के लिए तत्काल प्रभाव से एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों का दो-सदस्यीय दल बनाने के निर्देश दिए. बैठक में सीएमएचओ सुधीर कुमार डेहरिया, एसडीएम सुधीर कुमार कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
