नयी दिल्ली, 17 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर एयरलाइंस और अमीर वर्ग को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि सरकार ने विमान टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) पर वैट को 25 प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत कर दिया है जबकि पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम लोगों को कोई राहत नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल पर 19.40 प्रतिशत और डीज़ल पर 16.75 प्रतिशत वैट वसूला जा रहा है, जिससे दिल्ली सरकार को हर साल लगभग 4,000 से 4,600 करोड़ की आय होती है। श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आम जनता, छोटे ट्रांसपोर्टरों और मध्यम वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल कॉरपोरेट्स और अमीरों को लाभ पहुंचाने में लगी है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल की ऊंची कीमतों का असर रोजमर्रा के सफर, ऑटो किराए और जरूरी सामानों की ढुलाई पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार जेट ईंधन पर टैक्स कम करने में व्यस्त है। कांग्रेस ने मांग की कि दिल्ली सरकार पेट्रोल और डीज़ल पर वैट में कटौती कर आम लोगों को राहत दे।
