14 केंद्रों में 1 नवम्बर को होगी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा

जबलपुर।मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा आयोजित सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2026 का आयोजन 1 नवंबर को शहर के 14 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा ऑफलाइन पद्धति
से एक सत्र में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगी। आयोग से प्राप्त गोपनीय सामग्री का वितरण 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से कमिश्नर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 12 में सभी केंद्राध्यक्षों को किया जाएगा। परीक्षा के सुचारू संचालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गोपनीयता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त कार्यालय द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्राधिकृत अधिकारी एवं रिजर्व प्राधिकृत अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। संबंधित परीक्षा केंद्रों के लिए केंद्राध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं।
कार्यालय कमिश्नर, जबलपुर संभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाकर केंद्राध्यक्षों को सौंपनी होंगी। सभी प्राधिकृत अधिकारियों को परीक्षा दिवस पर प्रात: 9 बजे जिला कोषालय, जबलपुर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद समस्त गोपनीय एवं अन्य सामग्री वापस प्राप्त कर जिला कोषालय में जमा कराई जाएगी।सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा आयोग के निर्देशों के अनुरूप संपादित कराने और निर्धारित समय- सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Post

आईएसबीटी से हटेंगी गैर संचालित बसें, फायर हाइड्रेंट भी लगेगा

Tue Oct 27 , 2026
भोपाल। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में लंबे समय से खड़ी गैर संचालित बसों को हटाया जाएगा. इनके संचालकों को नोटिस जारी कर जुलाई से अब तक का किराया वसूलने के निर्देश दिए गए हैं. मंगलवार को नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने आईएसबीटी का निरीक्षण कर अधिकारियों […]

You May Like