नयी दिल्ली 18 मार्च (वार्ता) स्कोडा ऑटो फोक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएवीडब्ल्यूआईपीएल) ने अपने पुणे स्थित अत्याधुनिक चाकन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 5,00,000 इंजनों का उत्पादन कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि यह सभी इंजन स्थानीय स्तर पर बनाए गए हैं। यह उपलब्धि न केवल समूह की निर्माण क्षमताओं को दर्शाती है, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी मजबूती देती है। इस प्लांट में तैयार किए गए पावरट्रेन सॉल्युशन न केवल घरेलू बल्कि वैश्विक बाजारों में भी सप्लाई हो रहे हैं।
यह उपलब्धि भारत को फोक्सवैगन समूह के लिए एक प्रमुख निर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में और भी सशक्त बनाती है। सतत निर्माण और तकनीकी प्रगति पर जोर देते हुए चाकन प्लांट समूह की वैश्विक रणनीति में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पीयूष अरोड़ा ने कहा, “ यह उपलब्धि पावरट्रेन मैन्युफैक्चरिंग में लोकलाइजेशन और इनोवेशन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 2014 से हमने एक मजबूत नींव बनाई है और बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विश्वस्तरीय इंजन विकसित किए हैं। हमारे ‘मेड-इन-इंडिया’ इंजनों में उच्च स्तर का लोकलाइजेशन है, जो भारतीय ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई इकोसिस्टम को सशक्त बनाने पर हमारे समूह के फोकस को दर्शाता है। हम अपनी क्षमताओं को और बढ़ाने और भारत को विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाने के लिए निवेश करना जारी रखेंगे।”
स्कोडा ऑटो फोक्सवैगन इंडिया पर्यावरणीय जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए एडवांस पावरट्रेन टेक्नोलॉजी विकसित कर रहा है। कंपनी के 1.0-लीटर टीएसआई इंजन में एडवांस्ड एग्जॉस्ट एमिशन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, जबकि 1.5-लीटर टीएसआई इंजन में एक्टिव सिलेंडर टेक्नोलॉजी (एसीटी) को शामिल किया गया है, जिससे स्वच्छ मोबिलिटी को बढ़ावा मिलता है।
