नयी दिल्ली 21 अप्रैल (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिविल सेवा दिवस पर सिविल सेवा अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस एक अवसर है और सुशासन तथा राष्ट्र निर्माण में इसका पूरा इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “सिविल सेवा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह सुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। जमीनी स्तर से लेकर नीति निर्माण तक, सिविल सेवकों के प्रयास अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं और भारत की प्रगति में योगदान देते हैं।”
उन्होंने लिखा, “हमारे सिविल सेवक उत्कृष्टता, करुणा और नवाचार के साथ अपनी सेवा जारी रखें और कर्तव्य के उच्चतम मानकों को बनाए रखें।”
