
भोपाल, 9 जनवरी. निशातपुरा इलाके में एक्सीडेंट में घायल हुए एक व्यक्ति की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है. टक्कर मारने वाले बाइक चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक तारण सिंह (55) कृषक नगर करोंद में रहते थे और प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे. वह रोजाना मार्निंग वॉक पर जाते थे. बुधवार सुबह वॉक पर जाते समय करोंद चौराहे के पास उन्हें अज्ञात बुलेट बाइक चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. परिजनों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई थी.
00000000
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
भोपाल, 9 जनवरी. पिपलानी इलाके में एक्सीडेंट में घायल हुए एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वह दोस्त के साथ बाइक पर बैठकर घर लौट रहा था, तभी दूसरे बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी. जानकारी के अनुसार बृजेश मेहरा (36) हथाईखेड़ा पठार आनंद नगर में रहता है और पुताई के ठेके लेता है. उसी इलाके में रहने वाला राजेंद्र कुशवाहा (33) भी उसके साथ काम करता है. बीती चार जनवरी को दोनों अयोध्या नगर इलाके में काम पर गए थे. शाम को बाइक से वापस घर लौट रहे थे. बाइक बृजेश चला रहा था, जबकि राजेंद्र पीछे बैठा था. शाम करीब सात बजे आलम नग मस्जिद के पास अयोध्यापास पर पीछे से आ रहे बाइक चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में राजेंद्र कुशवाहा को गंभीर चोट आई थी. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है.
00000000
पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी
भोपाल, 9 जनवरी. मेडिकल परीक्षण के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचा एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. जानकारी के अनुसार कोहेफिजा पुलिस ने जयंत लोधी पुत्र कालूराम लोधी (22) निवासी विदिशा को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था. उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जयप्रकाश अस्पताल लाया गया था. गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे जयंत ने हथकड़ी सरकाई और पुलिस को चकमा देकर मौके से गायब हो गया. आसपास तलाश करने पर भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो हबीबगंज पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने का मामला दर्ज कर लिया है.
