मंदिर जाते समय भाजपा नेत्री पर फायरिंग, पैर में लगी गोली

दतिया। रतनगढ़ माता मंदिर जाते समय भाजपा नेत्री नीतू विश्वकर्मा पर बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गईं। दहेज हत्या के मामले में जमानत पर चल रही नीतू ने भाभी के मायके पक्ष के लोगों को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला नेत्री का अपनी भाभी के मायके पक्ष से लगातार विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व भी उक्त महिला नेत्री ने भाभी के मायके पक्ष के लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का भी मामला दर्ज कराया था।

जानकारी के अनुसार भांडेर रोड स्थित अटल बिहार कालोनी निवासी भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष नीतू विश्वकर्मा पत्नी अजय विश्वकर्मा गुरुवार को अपने परिजनों के साथ रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। तभी पीछे से आए बाइक सवार ने फायर किया।

घायल महिला नेत्री ने पुलिस को बताया कि इंदरगढ़ में सेवढ़ा रोड स्थित अन्नू पेट्रोल पंप के पास पहले दो बाइक सवारों ने उसका पीछा किया फिर बाइक रोककर कट्टे से फायरिंग कर दी। जिसकी गोली महिला के पैर में लगी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

घायल महिला को स्वजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। इस मामले में महिला ने सीताराम विश्वकर्मा, गुड्डू सेंगर, गुलाब सेंगर सहित दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

*दहेज हत्या के मामले में नामजद है भाजपा नेत्री*

बताया जाता है कि भाजपा नेत्री नीतू विश्वकर्मा का मायका तालगांव में है। जहां उसके भाई प्रहलाद विश्वकर्मा के साथ खैरीदेवता निवासी सिमरन विश्वकर्मा का विवाह हुआ था। गत नौ जुलाई 2024 को सिमरन की ससुराल में मौत हो गई। जिस पर पिता बादाम की रिपोर्ट पर एसडीओपी स्तर से मामले की जांच के बाद मृतका के ससुर ब्रजकिशोर विश्वकर्मा, पति प्रहलाद विश्वकर्मा, जेठ रिंकू, ननद भाजपा नेत्री नीतू एवं कामिनी व सास ब्रजरानी पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

Next Post

फिल्म फेस्टिवल के तीसरे दिन सिनेमा विषय पर हुई चर्चा

Thu Jan 9 , 2025
० दर्शक एवं श्रोता वर्ग का कई छुए और अनछुए पहलुओं पर हुआ ज्ञानवर्धन नवभारत न्यूज सीधी 9 जनवरी। सिनेमा और साहित्य का संबंध बड़ा जटिल है और इससे जुड़े सवाल दशकों से चर्चा का केन्द्र रहे हैं। विंध्य इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के तीसरे दिन सिनेमा में नई कहानियों की […]

You May Like