सिंगरौली : जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को ऑटो चालकों के विरुद्ध विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के मार्गदर्शन में सूबेदार आशीष तिवारी, थाना प्रभारी यातायात के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो वाहनों की सघन जांच कर दस्तावेजों का सत्यापन किया और चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, तय स्टैंड से ही सवारी लेने-छोड़़ने, तेज एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
जांच में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनते हुए यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की।
