
भोपाल।ऐशबाग इलाके में 47 वर्षीय रहवासी चांद मियां के तीन बैंक खाते से करीब 48 हजार रुपए अचानक कट गए. मोबाइल पर मैसेज देखर फरियादी ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई. फरियादी का आरोप है कि उनका मोबाइल हैक कर साइबर ठग ने रुपए आनलाइन ट्रांसफर किए हैं. इसके साथ ही रातीबड़ इलाके में फरियादी युवक मंजेश मीना के बैंक खाते से जालसाजों ने करीब 37 हजार रुपए आनलाइन ट्रांसफर कर लिए. गुलमोहर कालोनी में रहने वाले 36 वर्षीय सिविल इंजीनियर से 77 हजार की साइबर ठगी हुई है. सायबर जालसाजों ने पावर टूल भेजने के नाम पर फर्जी बिल भेजकर उनसे रुपए आनलाइन ट्रांसफर करा लिए. इंजीनियर की शिकायत पर शाहपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. इधर छोला मंदिर इलाके में 42 साल के व्यक्ति के बैंक खाते से 40 हजार की ठगी हुई. ठगी का शिकार व्यक्ति प्रायवेट काम करता है. पीड़ित ने बैंक जाकर अपना एकाउंट बंद कराया. सायबर हेल्प लाइन में संपर्क कर फरियादी ने बताया कि उनके बैंक खाते से अनाधिकृत रुप से दो बार में 40 हजार रुपए काट लिए गए. खाते में 2 लाख 74 हजार रुपए जमा थे. पुलिस सभी मामलों में जालसाजों की तलाश में जुटी है.
