न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने अकाल तख्त के जत्थेदार से मुलाकात की, सिख समुदाय के योगदान और सांप्रदायिक सौहार्द पर चर्चा

ऑकलैंड/अमृतसर, 19 अप्रैल (वार्ता) न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने रविवार को ऑटाहुहू, ऑकलैंड स्थित गुरु नानक सिख संगत गुरुद्वारा का दौरा किया, जहाँ उन्होंने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के साथ विशेष मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने न्यूज़ीलैंड में रह रहे सिख समुदाय और अन्य समुदायों के बीच आपसी सौहार्द और समझ को बढ़ावा देने पर चर्चा की। उन्होंने देश के विकास में सिखों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण योगदान और समुदाय को और सशक्त बनाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया।

जत्थेदार गड़गज्ज ने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का न्यूज़ीलैंड में सिख समुदाय की सेवाओं को पहचानने और सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया।जत्थेदार ने प्रधानमंत्री को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के दर्शन के लिए आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। इस अवसर पर जत्थेदार गड़गज्ज ने प्रधानमंत्री को एक मॉडल भेंट किया, जबकि प्रधानमंत्री लक्सन ने जत्थेदार को एक घड़ी भेंट की।

इस मौके पर टाकानिनी की सांसद रीमा नाखले, सेंट्रल सिख एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सुप्रीम सिख सोसाइटी ऑफ न्यूज़ीलैंड के प्रवक्ता दलजीत सिंह, यूथ अकाली दल के अध्यक्ष एस. सरबजीत सिंह झिंजर, मीडिया सलाहकार जसकरण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

Next Post

कार्य में लापरवाही पर सिटी प्लानर सहित 7 अधिकारियों को नोटिस, 4 इंजीनियरों का वेतन रोका

Sun Apr 19 , 2026
ग्वालियर: नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने लापरवाही बरतने पर सिटी प्लानर सहित 7 अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस जारी कर 4 इंजीनियरों के वेतन आहरण पर रोक लगाई है। सिटी प्लानर महेंद्र अग्रवाल द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर, सहायक यंत्री अशोक गुप्ता, क्षेत्राधिकारी […]

You May Like