
मुलताई। नगर के आंग्ल स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक और गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता स्व. दयाल सिंह चौहान (78) का मंगलवार को भोपाल में निधन हो गया। उन्होंने जीवनकाल में ही परिवार की सहमति से देहदान का संकल्प लिया था, जिसे उनके निधन के बाद पूरा किया गया। विधिविधान के साथ उनका पार्थिव शरीर एम्स हॉस्पिटल, भोपाल को सौंपा गया। स्व. चौहान ने अपने शिक्षकीय जीवन में पूज्य गुरुदेव के विचारों के प्रचार हेतु सक्रिय योगदान दिया और ज्ञान रथ चलाकर समाज में जागरूकता फैलाई। उनकी धर्मपत्नी मंगला चौहान भी इस कार्य में सहयोगी रहीं। गायत्री शक्ति पीठ, मुलताई के कार्यकर्ताओं और परिजनों ने शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में डॉ. रामदास गढ़ेकर, टी.के. चौधरी, यादोराव निंबालकर, सम्पत राव धोटे, नारायण देशमुख सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिल्ली बम धमाके में मृत लोगों की आत्मशांति हेतु भी प्रार्थना की गई।
