अस्पताल रोड पर बिछाए बोल्डर, दुर्घटनाग्रस्त हो रहे वाहन

ब्यावरा। जीर्णशीर्ण अवस्था में हो रहे स्थानीय सिविल अस्पताल रोड को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है. ऐसे में रोड पर बोल्डर बिछाकर उन्हें व्यवस्थित नहीं किए जाने से सुविधा की जगह और परेशानी खड़ी हो गई है. दुपहिया वाहन चालक अनियंत्रित हो रहे है. पैदल चलना मुश्किल हो रहा है.

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल रोड लम्बे समय से उखडक़र काफी बदहाल स्थिति में है. 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नगर आगमन को लेकर अब एकाएक आनन-फानन में अस्पताल रोड की सुध लेते हुए इस पर हो रहे गड्ढे और उखड़ी सडक़ को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है. सडक़ पर काफी बड़े बोल्डर बिछा दिए गये जिससे दुपहिया वाहन अनियंत्रित हो रहे है. कई दुपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गये है. जबकि बोल्डर को बिछाने के बाद दबाते हुए व्यवस्थित किया जाना चाहिए ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई परेशानी न हो और न ही दुर्घटना का भय रहे.

राहगीरों की नहीं परवाह सिविल अस्पताल रोड पीडब्ल्यूडी विभाग के तहत आता है. विदित है कि काफी समय से इस अति व्यस्त सिविल अस्पताल रोड की बदहाली हो रही है. यह रोड इतना अधिक उखडक़र जर्जर अवस्था में जा चुका है कि इस पर से वाहन एवं पैदल आना-जाना कठिनाईयों एवं जोखिम भरा हो रहा है. अब जबकि मुख्यमंत्री का आगमन हो रहा है ऐसे में उक्त रोड की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया गया. मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 18 अक्टूबर को ब्यावरा में एक कार्यक्रम में किसानों को फसलों के हुए नुकसान का मुआवजा वितरण करेंगे. सिविल अस्पताल के मैदान पर मौजूद हेलीपेड पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा तथा यहां से श्री यादव इसी सिविल अस्पताल रोड से वाहन द्वारा कार्यक्रम स्थल पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप नवीन दशहरा मैदान पहुंचेंगे. इसी को देखते हुए सिविल अस्पताल रोड की बदहाली को दूर करने तैयारियां शुरु कर दी गई है.

 

Next Post

छतरपुर में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा नेचर पार्क

Fri Oct 17 , 2025
प्रियंका सिंह छतरपुर। शहर के पास झनझन देवी मंदिर क्षेत्र में लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर विशाल नगर वन (नेचर पार्क) का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने इसके लिए 1.75 करोड़ रुपए की प्रारंभिक स्वीकृति प्रदान की है। यह पार्क जिले का सबसे बड़ा […]

You May Like