
छतरपुर। नगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लगभग दोपहर 12:30 बजे एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में धुआं उठते ही बाइक सवार ने घबराकर वाहन को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और कुछ देर में आग बुझा दी गई। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अभी तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, लेकिन माना जा रहा है कि यह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकता है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए बस स्टैंड क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
