मंत्री के काफिले ने उड़ाया गरीब का ई-रिक्शा, 70 वर्षीय चालक के दोनों पैर टूटे, 7 लोग घायल

छतरपुर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। चंदला विधायक एवं राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के काफिले में शामिल एक वाहन ने बसंतपुर चौराहे के पास चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा हवा में उछलकर पलट गया।

बुजुर्ग चालक के दोनों पैर टूटे

इस हादसे में 70 वर्षीय रिक्शा चालक साहब सिंह के दोनों पैर टूट गए, जबकि रिक्शा में बैठे छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी यात्री दिवाली की खरीदारी कर लौट रहे थे और अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दशहरा मिलन समारोह से लौट रहा था मंत्री का काफिला

जानकारी के अनुसार, मंत्री दिलीप अहिरवार बरहा गांव में आयोजित दशहरा मिलन समारोह से लौट रहे थे। काफिले के पीछे चल रही गाड़ी ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंत्री का काफिला बिना रुके आगे बढ़ गया।

गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर

घायलों को तुरंत लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से साहब सिंह को जिला अस्पताल होते हुए ग्वालियर रेफर किया गया। पीड़ित ने बताया कि मंत्री ने सिर्फ आयुष्मान कार्ड भेजने को कहा, लेकिन किसी प्रकार की सीधी सहायता नहीं की गई।

पुलिस जांच में जुटी

लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वाहन की पहचान की जा रही है और मामले पर कार्रवाई होगी। इस हादसे ने वीआईपी काफिलों की लापरवाही पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरी संवाद आयोजित

Fri Oct 17 , 2025
उदयपुर/मंडला। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में अक्टूबर माह भर थीम आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में परियोजना बीजाडांडी अंतर्गत शासकीय मॉडल विद्यालय बीजाडांडी की कन्या परिसर में किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य विषय पर संवाद और चित्रकला प्रतियोगिता का […]

You May Like