
उदयपुर/मंडला। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में अक्टूबर माह भर थीम आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में परियोजना बीजाडांडी अंतर्गत शासकीय मॉडल विद्यालय बीजाडांडी की कन्या परिसर में किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य विषय पर संवाद और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में परामर्शदाता उर्मिला शर्मा ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर छात्राओं से संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बढ़ती उम्र में आने वाले शारीरिक, हार्मोनल व भावनात्मक परिवर्तनों को समझने और आत्मनियंत्रण के साथ लक्ष्य निर्धारण पर विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने अपने मन की जिज्ञासाओं को “सी-बॉक्स” में डालकर प्रश्न पूछे, जिनका समाधान परामर्शदाता द्वारा दिया गया।परियोजना अधिकारी मनीषा तिवारी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी देते हुए बालिकाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अल्का गढ़वाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे संवादात्मक आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।अंत में बालिकाओं को पुरस्कार वितरित किए गए और “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” थीम पर तैयार की गई पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक समूह सेल्फी लेकर धन्यवाद ज्ञापित किया
