तेहरान, 28 मई (वार्ता) ईरान की सरकारी मीडिया ने गुरुवार को दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिका के रात भर के हमलों से कोई नुकसान नहीं हुआ, जबकि संयुक्त राज्य केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरानी ड्रोन के खिलाफ ‘पूरी तरह से बचाव के लिए’ अभियान चलाए थे।
सेंटकॉम के मुताबिक ईरानी सेना ने पांच एकतरफा हमला करने वाले ड्रोन लॉच किए थे, जो ‘होर्मुज जलडमरूमध्य में और उसके पास एक साफ खतरा’ थे।
अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने सभी पांच ड्रोन को रोक लिया था और अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास में ईरानी भू-नियंत्रण स्थल से छठे लॉच को भी रोका। ईरानी सरकारी टेलीविजन आईआरआईबी न्यूज ने दावा किया कि वाशिंगटन के साथ उसका टकराव तब शुरू हुआ जब चार जहाजों ने अपनी दिशा-सूचक प्रणाली बंद करते हुए फारस की खाड़ी में घुसने की कोशिश की और ‘उन्हें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नौसेना की तरफ से कड़ी चेतावनी मिली।”
ब्रॉडकास्टर ने दावा किया कि बाद में दो जहाजों को रोक लिया गया, जबकि बाकी दो वापस लौट गए। साथ ही अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास के पास तट की ओर ‘कई प्रोजेक्टाइल’ दागकर जवाब दिया लेकिन जोर देकर कहा कि हमले ‘एक खाली जगह’ पर हुए। रिपोर्ट में कहा गया, “रहने वालों ने सिर्फ धमाकों की आवाज सुनी, कोई धुआं या आग नहीं निकला।”
गौरतलब है कि यह ताजा टकराव अप्रैल में अमेरिका के ईरानी बंदरगाहों और तेहरान से जुड़े सभी जहाजों पर रोक लगाने के फैसले के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के आने-जाने पर रोक को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुआ है। ईरान ने तब से बार-बार जोर दिया है कि इस अहम जलमार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे व्यावसायिक जहाजों को पहले ईरानी अधिकारियों से इजाजत लेनी होगी, जो उन्हें जलमार्ग से रास्ता दिखाएंगे।
