बाइक को बचाने में अनियंत्रित हुआ मजदूरों से भरा वाहन, खेत में पलटा

छिंदवाड़ा। लावाघोघरी थाना क्षेत्र की सावरी चौकी अंतर्गत ग्राम सलैया-बाकुल मार्ग पर रविवार सुबह करीब 9 बजे मजदूरों से भरा चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 10 अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक एमपी 09 बीसी 8166 मजदूरों को लेकर जा रहा था। सलैया-बाकुल मार्ग पर अचानक सामने से एक मोटरसाइकिल आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा घुसा और पलट गया।

ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। गंभीर और अन्य घायलों को डायल 112, 108 एंबुलेंस तथा निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

ये हुए घायल

हादसे में सरिता बाडीबा पति हरिश (30), निवासी लावाघोघरी, पिकी पति लिम्वी वाडीवा (32), सनील पिता फगनु वाडीवा (19) और दिलारिया पति इंदलाल वाडीवा (36) सहित कुल 15 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा, चालक-परिचालक गंभीर घायल

Sun Oct 4 , 2026
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर चालक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि परिचालक भी घायल हुआ है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 100 टीम मौके पर पहुंची और दोनों […]

You May Like