ट्रंप ने 800 फांसी की सजा रद्द करने पर ईरान को थैंक यू कहा। खाड़ी देशों के दबाव और 2000 मौतों के बाद अमेरिका के तेवर नरम पड़े, जिससे क्षेत्रीय युद्ध का खतरा फिलहाल टला है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रति अपने कड़े रुख में अचानक नरमी दिखाते हुए तेहरान के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। ट्रंप ने यह कदम तब उठाया जब ईरान ने कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की जा रही कठोर कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए 800 से अधिक लोगों की फांसी की सजा को रद्द कर दिया। हालांकि इस बदलाव को खाड़ी देशों की कूटनीतिक चेतावनी और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। व्हाइट हाउस ने पहले सैन्य कार्रवाई की धमकी दी थी, लेकिन अब संतुलन और संवाद की ओर कदम बढ़ते नजर आ रहे हैं।
ट्रुथ सोशल पर जताया आभार
शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के फैसले का स्वागत करते हुए लिखा कि वह फांसी की सजा रद्द किए जाने का बहुत सम्मान करते हैं। ट्रंप ने कहा कि 800 से अधिक लोगों को फांसी दी जानी थी, लेकिन ईरानी नेतृत्व ने समय रहते इस पर रोक लगा दी, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। यह बयान पिछले दिनों दी गई सैन्य धमकियों के ठीक उलट है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध की आशंका कुछ कम हुई है।
