जबलपुर: विद्युत वितरण कंपनी के शहर संभाग (पश्चिम) कार्यालय में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब बकाया बिल जमा न करने पर लाइन काटने पर एक उपभोक्ता का दामाद बौखला गया और कनिष्ठ अभियंता (जेई) के कक्ष में घुसकर अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ओमती पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कनिष्ठ अभियंता गौतम मुखर्जी (57) अपने साथी कनिअभि अरुण कुमार मालवीय के साथ प्रगतिशील कॉलोनी में बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए गए थे। यहाँ उपभोक्ता चंद्रशेखर सिंह और सेल्वियाचंदा जोन्स के विभिन्न कनेक्शनों पर कुल 23,403 से अधिक की राशि बकाया थी।
विभाग के नियमानुसार टीम ने मौके पर लाइन काटने की कार्यवाही की। उपभोक्ता चंद्रशेखर सिंह का दामाद दर्शन सिंह भाटिया बिजली कार्यालय पहुंचा और कनिष्ठ अभियंता गौतम मुखर्जी के केबिन में घुसकर हंगामा शुरू कर दिया। दर्शन सिंह ने न केवल अभद्रता की, बल्कि जेई को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर साथी कर्मचारी वेंकट रमन टेंमरे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर आरोपी को कक्ष से बाहर निकाला।
अधिकारियों के सामने भी दिखाई धौंस
विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। लगभग एक घंटे बाद दर्शन सिंह अपनी पत्नी के साथ कार्यपालन अभियंता दिनेश पाल के कक्ष में पहुंचा वहां भी उन्होंने बिजली काटे जाने को लेकर बहस की। कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर ओमती पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, धमकाने समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
