
रतलाम/आलोट। नापतौल विभाग उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद हरकत में आया और आलोट-रतलाम क्षेत्र में एमआरपी से अधिक कीमत पर कोल्ड ड्रिंक एवं अन्य पैकेज्ड वस्तुएं बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए।
नियंत्रक नापतौल मध्यप्रदेश ब्रजेश सक्सेना और रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर सहायक नियंत्रक एवं निरीक्षक भारत भूषण ने शिकायतों की जांच के लिए विशेष दल गठित किया। विभाग को शिकायत मिली थी कि कई दुकानदार शीतल पेय पदार्थों को पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दर पर बेच रहे हैं। शिकायतों की पुष्टि के लिए आलोट और आसपास के बाजारों में औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान वैष्णवी सांची मिल्क पार्लर, जोधपुर स्वीट्स एवं नमकीन, सांवरिया किराना स्टोर्स, आशीष बेकरी, श्री बालाजी स्वीट्स नमकीन कॉर्नर, सांईराम इंटरप्राइजेस और ओम सांईराम इंडस्ट्रीज सहित कई प्रतिष्ठानों पर कोल्ड ड्रिंक एवं अन्य पैकेज्ड वस्तुएं 5 से 15 रुपये तक अधिक कीमत पर बेची जाती पाई गईं।
जांच में सामने आया कि उपभोक्ताओं से घोषित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही थी। इसे विधिक मापविज्ञान (पैकेज वस्तु) नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई के दौरान मुंडलाकला फंटा स्थित दो प्रतिष्ठानों पर मौजूद विक्रेता अपना नाम-पता बताए बिना मौके से भाग निकला। इसके बावजूद विभाग ने उपलब्ध दुकान नाम और पते के आधार पर कानूनी कार्रवाई की।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब गर्मी के मौसम में कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड पेय पदार्थों की मांग बढ़ी हुई है। ऐसे में उपभोक्ताओं का सवाल है कि यदि शिकायतें पहले से मिल रही थीं तो विभाग ने कार्रवाई करने में इतना समय क्यों लगाया। फिलहाल विभाग की इस कार्रवाई ने बाजार में एमआरपी से अधिक वसूली करने वाले व्यापारियों में हडक़ंप मचा दिया है।
