
भोपाल। कार में एक व्यक्ति को जबरदस्ती बैठाकर मारपीट और लूटपाट करने वाले आरोपी को सोमवार को कोहेफिजा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पिछले कई महीने से फरार चल रहा था. घटना में युवक के साथी आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी फारूक अहमद उर्फ छोटू (25) निवासी टोल वाली मस्जिद के पास को इलाके में देखे जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी यासीन को पूर्व में गिरफ्तार कर पुलिस कोर्ट में पेश कर चुकी है.
बता दें कि बीते 27 जुलाई 2025 को फरियादी राजी सलमान खान ने शिकायत दर्ज कराई थी. फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी यासीन अहमद उर्फ मिंटू फारूक अहमद उर्फ छोटू और फारूक अहमद उर्फ छोटू ने 24-25 जून 2025 की रात उन्हें एक कार में जबरदस्ती बैठाकर नीलबड़ रोड पर ले गए. आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट कर 30 हजार रू. छीन लिए. फरियादी का मोबाइल फोन तोड़कर आरोपियों ने फेंक दिया था. पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी.
