इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित वैष्णव इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरुवार को छात्रों के बीच क्लास में सीट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया. घटना के बाद एक वर्ग विशेष के छात्रों पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज और थाने पहुंच गए. देर रात बाणगंगा पुलिस ने पांच छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया है.रवि चौधरी, निवासी राजौदा ने पुलिस को बताया कि वह क्लास में बैठा था, तभी छात्र शाद पटेल आया और उसकी सीट पर बैठने की बात को लेकर झगड़ा करने लगा.
कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को बुलाया और सभी ने मिलकर रवि के साथ मारपीट की. पीड़ित छात्र का कहना है कि आरोपियों ने न केवल उसके साथ मारपीट की बल्कि उसकी बाइक में तोड़फोड़ की और चाकू दिखाकर धमकाया. घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक पीयूष जादम, पिंटू शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों पर कार्रवाई नहीं की तो वे कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करेंगे. कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मामले की आंतरिक जांच जारी है. प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आरोपियों को कॉलेज से निष्कासित करने पर विचार किया जा रहा है.
इन छात्रों पर हुआ केस दर्ज
रवि चौधरी की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने युवराज पुत्र लाल सिंह, अयाज पटेल निवासी सांवेर, शाद पटेल, अर्जुन पुत्र मनोहर निवासी पंचडेरिया सांवेर और अजय पुत्र गणपत सिंह के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की है.
