दिल्ली में चलती स्लीपर बस में महिला के साथ हैवानियत: दो घंटे तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, पुलिस ने बस जब्त कर दो आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली | देश की राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में सोमवार देर रात एक 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म की दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वह काम खत्म कर घर लौट रही थी, तब बस स्टैंड पर समय पूछने के बहाने आरोपियों ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया। करीब दो घंटे तक बस नांगलोई मेट्रो स्टेशन के आसपास सात किलोमीटर के दायरे में घूमती रही और इस दौरान दो युवकों ने उसके साथ हैवानियत की। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता को लहूलुहान हालत में सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस जांच में पता चला है कि बस के शीशों पर गहरे पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की कोई भी गतिविधि दिखाई नहीं दे रही थी। पुलिस ने बिहार रजिस्ट्रेशन नंबर वाली इस बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच कराई है। एक तरफ जहां चिकित्सकों ने पीड़िता की नाजुक हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, वहीं दूसरी ओर पीड़िता ने घर की आर्थिक तंगी और बीमार पति व बच्चों की देखभाल का हवाला देते हुए अस्पताल में रुकने से इनकार कर दिया। वह अपनी गंभीर चोटों के बावजूद घर से ही इलाज कराने को मजबूर है।

डीसीपी आउटर बेस्ट विक्रम सिंह के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों मुख्य आरोपियों, उमेश और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें बस के अवैध संचालन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को भी शामिल किया गया है। प्रशासन ने महिला सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Next Post

घरेलू कीमतों पर लगाम लगाने के लिए भारत सरकार का बड़ा फैसला: 30 सितंबर तक चीनी के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध, आम जनता को मिलेगी राहत

Thu May 14 , 2026
नई दिल्ली | केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कच्ची, सफेद और परिष्कृत चीनी की निर्यात नीति को […]

You May Like