
नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने आगामी 15 अगस्त (शनिवार) को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम जनता की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पूरे नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से तड़के चार बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।
डीएमआरसी के अनुसार, उस दिन की निर्धारित समय-सारिणी के तहत नियमित सेवाएं शुरू होने तक सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें 30-30 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएंगी।
विशेष अतिथियों और प्रामाणिक आमंत्रितों के लिए सुगम यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएमआरसी ने रक्षा मंत्रालय को 1,30,000 विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा, रक्षा मंत्रालय के एडमिट कार्ड साथ लाने वाले अतिथियों को नामित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी यात्रा सुविधाजनक हो सके।
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशनों में लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट शामिल हैं। इन विशेष क्यूआर टिकटों के माध्यम से की जाने वाली यात्रा की लागत का भुगतान रक्षा मंत्रालय मेट्रो निगम को करेगा।
