
ग्वालियर। ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह के प्रयास रंग लाने लगे हैं जिसके तहत केंद्र सरकार ने ग्वालियर नगर निगम को 31 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह राशि शहर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए विकास कर्म पर खर्च की जाएगी। केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सांसद भारत सिंह कुशवाह को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि ग्वालियर, जो दस लाख से अधिक जनसंख्या वाला शहर है, 15 वें वित्त आयोग के वायु गुणवत्ता अनुदान के तहत् वित पोषित है और वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान अब तक इस शहर को वायु गुणवत्ता सुधार मानकों के कार्यान्वयन हेतु 107.33 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2025-26 में शहर को 31 करोड़ रूपए का आवंटन किया गया है और व्यय विभाग के दिशा निर्देशो के अनुसार वायु गुणवत्ता प्रदर्शन के आधार पर इस शहर को धनराशि जारी की जाएगी।
इस शहर के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना को ग्वालियर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी एवं कार्यान्वयन समिति (डीएलएमआईसी) द्वारा अभी अंतिम रूप दिया जाना है। प्रस्ताव नगर आयुक्त, ग्वालियर और जिला स्तरीय समिति द्वारा तैयार किए जाने है और जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदित किए जाने है।
इस संबंध में यह प्रस्ताव कलेक्टर ग्वालियर को वार्षिक कार्य योजना 2025-26 में विचारार्थ कर दिया गया है। शहर की आवोहवा सुधारने के लिए ग्वालियर को केंद्र सरकार से 31 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। इस राशि से शहर में वायु प्रदूषण कैसे मुक्त हो, इसको लेकर ठोस कार्य किए जाएंगे । साथ ही शहर में सीमेंट कंक्रीट की सड़के एवं पार्क डेवलप किए जाएंगे, साथ ही डिवाइडरों को हरा भरा बनाने एवं पेड़ पौधे लगेंगे ताकि शहर में प्रदूषण स्तर में कमी आ सके और ग्वालियर को वायु प्रदूषण से निजात मिल सके।
*नेशनल क्लीन प्रोग्राम के तहत प्रदूषण नियंत्रण के लिए मांगी थी प्रोजेक्ट स्वीकृति*
इस संबंध में केंद्रीय पर्यावरण वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने पत्र भेजकर सांसद भारत सिंह कुशवाह को इसकी जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सांसद द्वारा 4 अगस्त को दिए पत्र में नेशनल क्लीन प्रोग्राम के तहत प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए प्रोजेक्ट स्वीकृति मांगी गई थी पत्र के अनुसार ग्वालियर में चार स्थानों पर सतत परिवेश वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन स्थापित किए गए हैं। ग्वालियर की आवोहवा सुधार के लिए एक्सपर्ट के जरिए विशेष प्रोजेक्ट तैयार कराया गया है। जिसके तहत केंद्र सरकार द्वारा 31करोड़ का फंड दिया जाएगा।सांसद कुशवाह ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का आभार जताया है।
