रक्षाबंधन पर शहर गुलजार, अपनों से मिलने उमड़ी भीड़; महंगे सफर और मिठाई ने बढ़ाई चिंता

इंदौर: रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है. भाई-बहन के पवित्र प्रेम के इस त्योहार को लेकर इंदौर में गुरुवार को ही रौनक देखने को मिली.बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से लेकर राजवाड़ा और शहर के प्रमुख बाजारों तक लोगों की आवाजाही बढ़ी रही. बहनें भाइयों को राखी बांधने मायके पहुंचीं तो कई भाई भी बहनों से मिलने के लिए घरों की ओर रवाना हुए. अपनों से मिलने की खुशी के बीच यात्रियों को भीड़ और बढ़े हुए खर्च का सामना भी करना पड़ा. रक्षाबंधन पर इंदौर में एक ओर बाजारों और परिवहन केंद्रों पर त्योहार की रौनक दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर महंगाई और यात्रा खर्च बढ़ने की चिंता भी लोगों की बातचीत में नजर आई. तमाम परेशानियों के बावजूद अपनों के साथ त्योहार मनाने का उत्साह लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दिया.

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़
रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर दिनभर चहल-पहल रही. बड़ी संख्या में लोग सामान लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए. कई यात्री बस में सीट पाने के लिए इंतजार करते नजर आए. त्योहार पर बढ़ी भीड़ के कारण यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.

इंदौर से खंडवा जाने का किराया बढ़ने का दावा
इंदौर से खंडवा जा रही नेहा शर्मा ने बताया कि आम दिनों में इंदौर से खंडवा का किराया करीब 200 रुपए है, लेकिन त्योहार के चलते उन्हें दो टिकटों के लिए 700 रुपए खर्च करने पड़े. उन्होंने कहा कि सफर का खर्च और महंगाई बढ़ने के कारण मिठाई भी कम खरीदनी पड़ी.

सीट के लिए घंटों इंतजार
झिरनिया जाने के लिए बस स्टैंड पर रोहिता महाजन भी बस का इंतजार करते नजर आई. उनका कहना था कि सामान्य दिनों में करीब 200 रुपए किराया लगता है, जबकि त्योहार के दौरान उन्हें 350 रुपए तक किराया देना पड़ा. इसके बावजूद बस में सीट उपलब्ध नहीं हो रही थी.

दोगुना किराया देना पड़ा
छत्तीसगढ़ जाने के लिए इंदौर से नर्मदा एक्सप्रेस में सफर कर रही आयुषी तिवारी ने बताया कि उन्हें सामान्य किराए की तुलना में करीब दोगुना किराया देना पड़ा. इसके बावजूद ट्रेन में भीड़ इतनी अधिक थी कि कंफर्म सीट होने के बाद भी उन्हें आराम से बैठने की जगह नहीं मिल सकी. उनका कहना था कि त्योहार के दौरान रेलवे में अतिरिक्त भीड़ के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है.

आरामदायक सफर नहीं रहता
यात्री देव प्रताप ने बताया कि त्योहारों के समय हर साल इसी तरह की स्थिति बनती है. बड़ी संख्या में लोग घर जाने के लिए निकलते हैं, जिससे ट्रेनों और बसों में क्षमता से अधिक भीड़ दिखाई देती है. ऐसे में कंफर्म टिकट होने के बावजूद सफर आरामदायक नहीं रह जाता.

तीन गुना तक बढ़ गया किराया
इसी तरह इंदौर से शिवपुरी जाने वाली अंजली रघुवंशी को भी त्योहार के कारण बढ़े किराए का सामना करना पड़ा. उन्होंने बताया कि उन्होंने रेडबस ऐप के माध्यम से टिकट बुक किया था. सामान्य दिनों में जिस टिकट के लिए करीब 600 रुपए खर्च होते हैं, उसके लिए उन्हें करीब 1700 रुपए चुकाने पड़े. यानी किराया लगभग तीन गुना तक बढ़ गया.

बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने किराया बढ़ने से किया इनकार

वहीं, बस ऑपरेटर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के पूर्व महासचिव सुशील अरोड़ा ने यात्रियों द्वारा किराया बढ़ने के लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि शासन की ओर से जारी परमिट के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि इंदौर में बसों का किराया बढ़ाया नहीं गया है. उनका कहना है कि सरवटे बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं.

राजवाड़ा सहित बाजारों में राखी की खरीदारी
रक्षाबंधन के चलते राजवाड़ा सहित शहर के प्रमुख बाजारों में भी खूब रौनक रही. राखी की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों से लेकर युवाओं और बड़ों के लिए डिजाइनर राखियों की कई वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं. बहनें भाइयों की पसंद और उम्र के अनुसार राखियां खरीदती नजर आईं.

मिठाई और उपहारों की मांग भी बढ़ी
राखी के साथ मिठाई और उपहार देने की परंपरा के चलते मिठाई, कपड़े और गिफ्ट की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही. हालांकि बढ़ी कीमतों ने लोगों का बजट जरूर प्रभावित किया. इसके बावजूद भाई-बहन के रिश्ते की मिठास बनाए रखने के लिए लोग अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी करते नजर आए.

Next Post

नाना पाटेकर की जिंदगी से सीखें सादगी और सेवा का पाठ, समाज के कमजोर वर्ग को लेकर कही बड़ी बात

Fri Aug 28 , 2026
दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर ने समाज, नैतिकता और जनसेवा पर अपने विचार शेयर किए। वे सादगी भरा जीवन जीने के साथ निस्वार्थ भाव से सामाजिक कार्यों में योगदान दे रहे हैं। फिल्मों में अपने दमदार एक्टिंग और बेबाक अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले एक्टर नाना पाटेकर रियल […]

You May Like