​इलाज में कोताही या सिस्टम की चूक? सीजर के 20 घंटे बाद प्रसूता ने तोड़ा दम, जांच के घेरे में अस्पताल

बैतूल: बैतूल जिला अस्पताल में प्रसव के लगभग 20 घंटे बाद एक महिला की मौत हो जाने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और 7 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है, जिससे अस्पताल प्रबंधन में हलचल मच गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशनी (25) पत्नी रूपेश को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार दोपहर करीब 1:39 बजे महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रामलखन प्रजापति ने उसका सीजर ऑपरेशन किया, जिसमें उसने 2.800 किलोग्राम वजनी स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में दिक्कत के साथ खून की कमी की शिकायत हुई, जिस पर चिकित्सकों ने उसे ब्लड भी चढ़ाया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
सोमवार सुबह लगभग 10 बजे रोशनी की मृत्यु हो गई। वार्ड इंचार्ज ने घटना की सूचना अस्पताल चौकी में दर्ज कराई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। मृतका के पति के छत्तीसगढ़ में होने के कारण पोस्टमार्टम मंगलवार को उनके पहुंचने के बाद किया जाएगा।मृतका के भाई कैलाश उइके ने आरोप लगाया कि सीजर ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टर द्वारा 7 हजार रुपये लिए गए थे। हालांकि राशि किसे दी गई, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन परिजनों ने संबंधित व्यक्ति की पहचान करने की बात कही है।सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि प्रसव के 24 घंटे के भीतर हुई मौत को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Next Post

मुंबई, बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं कर रही है : बांगड़

Tue May 5 , 2026
मुंबई, 05 मई (वार्ता) जसप्रीत बुमराह, आईपीएल 2026 में लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं और ज़्यादातर बातें इस बारे में रही हैं कि वह विकेट नहीं ले पा रहे, उनकी रफ्तार कम दिख रही है और मुंबई इंडियंस उन्हें हमेशा सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर रही है। […]

You May Like