खाद संकट से आक्रोशित किसान फिर सडक़ पर उतरे, घंटे भर बाधित रहा सतना-पन्ना मार्ग

सतना : एक ओर जहां प्रशासन द्वारा उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक होने और पारदर्शी तरीके से वितरण किए जाने का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर खाद संकट से जूझ रहे किसानों का आक्रोशित होकर सडक़ पर उतरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को एक बार फिर से किसानों ने नारज होकर सतना-पन्ना मार्ग बाधित कर दिया. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई समझाइस और आश्वासन के चलते किसान किसी तरह वहां से हटने को राजी हुए.

जिले के नागौद क्षेत्र में हर रोज की तरह गुरुवार को भी किसानों की लंबी लाइन उर्वरक वितरण केंद्र पर सुबह से ही लग चुकी थी. कुछ समय तक उर्वरक वितरण सुचारु तौर पर होता भी रहा. लेकिन मामले में गतिरोध तब आ गया जब किसानों के सामने यह जानकारी आई कि उर्वरक का स्टॉक समाप्त हो चुका है. वहीं कुछ देर बाद ही टोकन वितरण भी बंद कर दिया गया. यह सुनते ही किसानों के बीच आक्रोश पनपने लगा.

आक्रोशित किसानों ने वहां पर मौजूद जिम्मेदारों से यह पूछने का प्रयास किया कि इतने दिन बाद किसी तरह उर्वरक का वितरण शुरु हुआ था. उसे भी आधे-अधूरे में ही बंद क्यों कर दिया गया. जब किसानों को कोई उचित समाधान मिलता नजर नहीं आया तो फिर वे एकत्रित होकर सतना-पन्ना राजमार्ग पर पहुंचे गए. देखते ही देखते एकत्रित किसानों ने मार्ग को बाधित करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. जिसका नतीजा यह हुआ कि राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लंबी होने लगीं.

घटना की जानकारी मिलने पर नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और किसानों को राजमार्ग छोडऩे को लेकर चर्चा शुरु की. लेकिन बात नहीं बनी. जिसे देखते हुए एसडीएम नागौद जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार ज्योति पटेल भी मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों द्वारा किसानों को समझाइस देने के साथ ही यह आश्वासन भी दिया गया कि जल्द ही न सिर्फ टोकन बंटना प्रारंभ कर दिया जाएगा बल्कि उर्वरक की उपलब्धतता भी सुनिश्चत की जाएगी. वितरण केंद्र से सभी किसानों को उर्वरक प्राप्त होगा. इसी कड़ी में तहसीलदार ज्योति पटेल वितरण केंद्र पहुंच गईं और अपनी निगरानी में टोकन बंटवाए.. इस आश्वासन के चलते किसान राजमार्ग से हटने को राजी हो गए. लेकिन इस विरोध प्रदर्शन के चलते लगभग घंटे भर तक राजमार्ग पर यातायात बाधित बना रहा.
 150 लोगों पर प्रकरण दर्ज
उर्वरक न मिलने से आक्रोशित किसानों द्वारा राजमार्ग बाधित किए जाने के मामले को इस बार पुलिस प्रशासन ने हल्के में नहीं लिया. चक्काजाम करने वाले 150 अरूयत लोगों के विरुद्ध धारा 123 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया. पुलिस के अनुसार फिलहाल अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है. लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चक्काजाम करने वालों की पहचान की जा रही है. चिंहित किए जाने के बाद नामजद आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

दतिया में राहुल गांधी और जीतू पटवारी का हुआ पुतला दहन

Fri Aug 29 , 2025
दतिया: दतिया में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला दहन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा ने राजगढ़ चौराहे पर पुतला दहन कर दोनों कांग्रेस नेताओं के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। जीतू पटवारी के महिलाओं पर दिये कथित विवादित वयान के बाद पुतला फूंका। भाजपा […]

You May Like