मार्श और रूट एसए 20 में शामिल होने वाले बड़े नामों में शामिल, जेएसके ने डु प्लेसिस को किया रिलीज

केपटाउन, 05 अगस्त (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख लीग एसए 20 की छह फ्रेंचाइजी ने सीजन 5 के लिए अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों और प्री-ऑक्शन साइनिंग की पुष्टि कर दी है। इसके बाद विदेशी खिलाड़ियों की एक शानदार लिस्ट सामने आई है, जिसमें मिशेल मार्श, सैम करन, जो रूट, फिल साल्ट और जेसन होल्डर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। खिलाड़ियों की नीलामी होनी अभी शेष है। डरबन सुपर जायंट्स और पार्ल रॉयल्स ने पहले ही अपनी 19 खिलाड़ियों की टीम पूरी कर ली है, जबकि बाकी चार फ्रेंचाइजी में अभी भी 19 जगहें खाली हैं। ऑस्ट्रेलिया के टी-20 कप्तान मार्श तीन बार की चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप से जुड़कर अपना पहला एसए 20 सीजन खेलने के लिए तैयार हैं। मार्श, जो ‘द हंड्रेड’ में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं, टीम की पहले से ही मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप को और ताकत देंगे। इस लाइन-अप में क्विंटन डी कॉक, मैथ्यू ब्रीट्जके, जॉर्डन हरमन और कप्तान ट्रिस्टन स्टब्स जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

डरबन सुपर जायंट्स ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन को अपनी टीम में शामिल किया है। करन पहले दो सीजन में एमआई केप टाउन के साथ खेलने के बाद लीग में वापसी कर रहे हैं। सुपर जायंट्स में करन अपने साथी खिलाड़ी जोस बटलर के साथ जुड़ेंगे। टीम में एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन और सुनील नरेन भी शामिल हैं। वहीं, पार्ल रॉयल्स ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को वाइल्डकार्ड एंट्री के तौर पर वापस बुलाया है और अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई को भी टीम में शामिल किया है। पिछले सीजन की उपविजेता प्रिटोरिया कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू शॉर्ट के साथ फिल साल्ट को लाकर अपने टॉप ऑर्डर को मजबूत किया है। ये दोनों खिलाड़ी अभी ‘द हंड्रेड’ में वेल्श फायर के लिए ओपनिंग करते हैं। इनके आने से टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप और भी खतरनाक हो गई है, जिसमें शेरफेन रदरफोर्ड, कॉनर एस्टरहुइज़ेन, डेवाल्ड ब्रेविस और आंद्रे रसेल जैसे खिलाड़ी पहले से मौजूद हैं।

एक और अहम बदलाव में, इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स प्रिटोरिया कैपिटल्स छोड़कर एमआई केप टाउन से जुड़ गए हैं। यह एमआई की मालिकाना हक वाली टीम के साथ उनका तीसरा जुड़ाव होगा। इससे पहले वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस और ‘द हंड्रेड’ में एमआई लंदन के लिए खेल चुके हैं। वहीं, जोबर्ग सुपर किंग्स ने कप्तान फाफ डु प्लेसिस से अलग होने के बाद जेसन होल्डर को अपनी टीम में शामिल किया है। डु प्लेसिस ने पिछले चार सीजन में टीम की कप्तानी की थी। अन्य बड़े नामों में जॉनी बेयरस्टो (सनराइजर्स ईस्टर्न केप) शामिल हैं, जबकि एमआई केप टाउन ने ट्रेंट बोल्ट, रैसी वैन डेर डुसेन और कीरोन पोलार्ड को रिलीज़ कर दिया है। सुपर किंग्स द्वारा रिलीज़ किए जाने के बाद विआन मुल्डर और नंड्रे बर्गर भी नीलामी में फिर से शामिल होने के लिए तैयार हैं।

एसए 20 लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, “सीजन 5 अब तक का हमारा सबसे मज़बूत सीज़न बनने जा रहा है। जो रूट, सैम करन और फिल सॉल्ट जैसे शानदार खिलाड़ियों के साथ मिचेल मार्श जैसे काबिल खिलाड़ी का आना, ग्लोबल स्टेज पर हमारी लीग की बढ़ती लोकप्रियता को दिखाता है। मुझे सबसे ज़्यादा खुशी इस बात की है कि दक्षिण अफ्रीका के इंटरनेशनल और घरेलू स्टार्स, जो अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं, उनके साथ ये बेहतरीन खिलाड़ी खेलेंगे।

फ्रेंचाइजीज अपनी ज़्यादातर टीम के साथ नीलामी में उतर रही हैं, जो हमारे द्वारा बनाई गई स्थिरता और निरंतरता को दर्शाता है।” इससे सीज़न 5 में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।” नीलामी में सुपर किंग्स और एमआई केप टाउन सबसे व्यस्त टीमें होंगी, जिन्हें क्रमशः सात और छह खिलाड़ियों की ज़रूरत है, जबकि प्रिटोरिया कैपिटल्स को पांच खाली जगहें भरनी हैं। सभी छह फ्रेंचाइजी ने अपना विदेशी प्री-साइनिंग कोटा पूरा कर लिया है, जबकि सुपर किंग्स के पास वाइल्डकार्ड साइनिंग का विकल्प है। उल्लेखनीय है कि एसए 20 सीजन 5 की शुरुआत 17 जनवरी को होगी, जिसमें मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप का मुकाबला प्रिटोरिया कैपिटल्स से सेंट जॉर्ज पार्क में होगा। यह पिछले सीजन के फाइनल का रीमैच होगा। सीजन का समापन 21 फरवरी को न्यूलैंड्स में फाइनल के साथ होगा।

.....

Next Post

अगले महीने भारत दौरे पर आने वाली ऑस्ट्रेलिया ए टीम में व्लामिन्क और ब्राउन को मिली जगह

Wed Aug 5 , 2026
सिडनी, 05 अगस्त (वार्ता) चोट से उबर चुकी ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज टायला व्लाएमिंक, और डार्सी ब्राउन को अगले महीने भारत के साथ होने वाले महिला बहु प्रारूप दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ए टीम में शामिल किया गया है। 27 साल की व्लाएमिंक को कई बार कंधे की चोट लगी […]

You May Like