शिवपुरी: जिलेभर में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारी बारिश से कई नदी-नालों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क शहर से टूट गया है. इसी बीच ग्राम वासियों की लापरवाही से जुड़ी तस्वीरें भी सामने आ रही है. प्रशासन की लाख चेतावनी के बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उफनते रपटे और पुल पार करते दिखाई दे रहे हैं.
इस दौरान पानी से जुड़ी कई दुर्घटनाएं भी सामने आई हैं. लेकिन लोग लापरवाही नहीं छोड़ रहे हैं. दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न मार्ग पर यातायात को प्रतिबंधित कर बैरिकेट्स लगा दिया है. शिवपुरी जिले में प्रत्येक वर्ष औसतन वर्षा 800 मिलीमीटर होती है, जबकि इस साल जिले में अब तक 500 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है.
कुचलौन रपटे पर लगा बैरिकेड्स
मूसलाधार बारिश के चलते दिनारा थाना क्षेत्र में दिनारा-पिछोर मार्ग पर स्थित कुचलौन रपटा शनिवार को उफान पर आ गया. पानी का बहाव तेज होने के कारण रपटे पर लोगों का आवागमन खतरे में पड़ गया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन चालकों ने लापरवाही बरतते हुए जान जोखिम में डालकर रपटा पार करते नजर आए.
प्रशासन ने सतर्कता बरते हुए दिनारा-पिछोर मार्ग को पानी उतर जाने तक के लिए प्रतिबंधित कर दिया.
साथ ही वहां बैरिकेड्स लगा दिया है. इसके बाद भी स्कूल की छुट्टी होने के बाद कुछ पेरेंट्स अपने बच्चों को कंधे पर बैठाकर उफान मारते रपटे को पार करते दिखाई दिए. मौके पर मौजूद लोगों के द्वारा काफी मना करने के बाद भी उक्त लोगों ने किसी की बात नहीं मानी और अपने साथ बच्चों की जान को भी खतरे में डाल दिया.
